National
आप ने चीफ सैक्ट्री से मारपीट कर मोल लिया नया विवाद
चीफ सैक्ट्री अंशु प्रकाश से मारपीट के आरोपी आप विधायक आमनतुल्लाह खान ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। सोमवार को देर रात मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के सामने अंशु प्रकाश से मारपीट की गई थी। मामले में नामजद दूसरे विधायक प्रकाश जरवाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के सामने सरेंडर से पहले अमानतुल्लाह खान ने इसे भाजपा की साजिश बताया। इस मामले में आप के कुछ अन्य नेताओं पर भी षड्यंत्र के आरोप में शिकंजा कसा जा सकता है।

इस बीच अंशु प्रकाश की मेडिकल रिपोर्ट भी सामने आ गई है। मुख्य सचिव के होठ और चेहरे पर चोट के निशान होने की पुष्टि हुई है। अंशु प्रकाश के कंधे पर चोट की बात भी रिपोर्ट में कही गई है। पुलिस ने सरकारी अफसर से मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने और साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्यमंत्री निवास की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। सभी के मोबाईल लोकेशन भी उनके मौके पर होने की गवाही दे रहे है। इससे लगता है कि पुलिस आरोपी विधायकों के खिलाफ अच्छा केस बना सकेगी।

अंशु प्रकाश से मारपीट का आईएएस अफसर यूनियन ने भी कड़ा नोटिस लिया है। अफसरों ने दिल्ली सरकार की किसी मीटिंग में शामिल न होने का ऐलान किया है। अंशु प्रकाश के अनुसार उन पर दिल्ली सरकार की तारीफ में विज्ञापन देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि योजना के तहत उनको दोनों आरोपी विधायकों के बीच बैठाया गया था। आधी रात को मीटिंग करने पर भी हैरानी जताई जा रही है। आप नेता संजय सिंह और आशुतोष ने इसे भाजपा की मुस्लिम और दलित विरोधी नीति के रूप में पेश किया है। मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की हाजरी में हुई इस घटना ने आप की साख को सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया है।
Post a Comment
0 Comments